रीवा के शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में सहायक प्राध्यापक डॉ. आशुतोष द्विवेदी को चिकित्सा सेवा सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया है। भोपाल में आयोजित समारोह में उन्हें आयुर्वेद चिकित्सा, इसके प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता और सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
भोपाल में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
यह सम्मान समारोह भोपाल स्थित पंडित खुशीलाल आयुर्वेद महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। पंडित उद्धवदास मेहता स्मृति न्यास, भोपाल की ओर से डॉ. आशुतोष द्विवेदी को चिकित्सा सेवा सम्मान-2026 प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, अखिल भारतीय संगठन सचिव आरोग्य भारती डॉ. अशोक वार्ष्णेय, भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग की अध्यक्ष वैद्य मनीषा उपेंद्र कोटेकर और विश्व आयुर्वेद परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. महेश व्यास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा NCISM बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुश्रुत कनौजिया, NCISM सदस्य वैद्य कमलेश द्विवेदी, पंडित उद्धवदास मेहता स्मृति न्यास के अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, भोपाल के चिकित्सक वैद्य गोपाल दास मेहता, वैद्य अनुराग राजपूत और डॉ. सौरव मेहता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार और सामाजिक कार्यों के लिए मिला सम्मान
डॉ. आशुतोष द्विवेदी को यह सम्मान आयुर्वेद के प्रति उनके समर्पण, आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान, चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के प्रयासों के लिए दिया गया। उनके सामाजिक कार्यों को भी इस सम्मान का आधार बताया गया है।
डॉ. द्विवेदी रीवा के शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। उनके सम्मानित होने पर पूर्व प्राचार्य राजेंद्र सिंह सहित उनके शुभचिंतकों ने हर्ष जताया और उन्हें बधाई दी।
