रीवा जिले के मोहरवा में सेना एवं पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक-युवतियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पूर्व सैनिक दिवाकर द्विवेदी के मार्गदर्शन में संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में युवाओं को शारीरिक दक्षता बढ़ाने के साथ अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की सीख भी दी जा रही है।
मोहरवा में युवाओं को मिल रहा सेना-पुलिस भर्ती का प्रशिक्षण
पूर्व सैनिक दिवाकर द्विवेदी के मार्गदर्शन में मोहरवा में सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक-युवतियां नियमित रूप से निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनके अनुसार, अब तक उनके मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण से सैकड़ों युवा रोजगार प्राप्त कर देश के अलग-अलग हिस्सों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
दिवाकर द्विवेदी का कहना है कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल युवाओं को सेना और पुलिस में भर्ती कराना नहीं है, बल्कि उन्हें अनुशासित, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
दौड़, पुशअप और गोला फेंक का कराया अभ्यास
प्रशिक्षण कार्यक्रम में युवक-युवतियों की शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए कई तरह के अभ्यास कराए गए। इसमें 1500 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, गोला फेंक, शॉर्ट जंप, पुशअप, अपर जंप और साइड जंप जैसी गतिविधियां शामिल रहीं।
शारीरिक अभ्यास के अंत में स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज भी कराई गई। इसके साथ ही बेहतर शारीरिक क्षमता और स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए संतुलित आहार तथा डाइट प्लान की जानकारी दी गई।
नशे और अपराध से दूर रहने का दिया संदेश
पूर्व सैनिक दिवाकर द्विवेदी का कहना है कि उनका संकल्प स्वस्थ, अनुशासित, आत्मनिर्भर, नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज का निर्माण करना है। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के साथ उन्हें नशे और अपराध से दूर रहने की सीख दी जाती है।
युवाओं को आपसी भाईचारे, मिलजुलकर रहने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए भी प्रेरित किया जाता है। उनका मानना है कि शारीरिक प्रशिक्षण के साथ अच्छे संस्कार और अनुशासन भी युवाओं के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
युवक-युवतियों ने उत्साह से लिया हिस्सा
इस प्रशिक्षण एवं शारीरिक अभ्यास कार्यक्रम में खुशबू साहू, राधा साहू, अनीता साहू, रश्मि साहू, आकाश साहू, संतोष साहू, प्रदीप साहू, पवन साहू, भारत साहू, शैलेन्द्र साहू, आशीष साहू, अजीत साहू और सौरभ साहू सहित अनेक युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने मां भारती की जयघोष के साथ प्रशिक्षण सत्र का समापन किया।