रीवा जिले के पटवारियों ने शुरू की क्रमिक भूख हड़ताल, राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित

Rewa News: मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर रीवा जिले के पटवारियों ने अब क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। सरकार द्वारा अभी तक मांगे नहीं माने जाने से नाराज पटवारी कलेक्ट्रेट के सामने क्रमिक भूख हड़ताल में बैठने हेतु मजबूर हुए।

Update: 2023-09-21 06:51 GMT

मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर रीवा जिले के पटवारियों ने अब क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। सरकार द्वारा अभी तक मांगे नहीं माने जाने से नाराज पटवारी कलेक्ट्रेट के सामने क्रमिक भूख हड़ताल में बैठने हेतु मजबूर हुए। जिले की समस्त तहसीलें रायपुर कर्चुलियान, गुढ़, मनगवां, जवा, त्योंथर, सिरमौर, सेमरिया, हुजूर नगर एवं हुजूर ग्रामीण से सैकड़ों की संख्या में पटवारी कलेक्ट्रेट गेट के सामने धरना स्थल में बैठकर सरकार के खिलाफ नारे बुलंद किये।

केवल मिलता है आश्वासन

पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष अनंत प्रताप सिंह द्वारा बताया गया कि पटवारी संघ लगातार 25 वर्ष से अपनी लंबित मांगों के लिए आंदोलनरत है किंतु वर्तमान सरकार द्वारा केवल आश्वासन पर आंदोलन खत्म कर दिया जाता है। पटवारी पद के ऊपर के सभी पदों राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार, तहसीलदार इन तीनों पदों का ग्रेड पे बढ़ाया जा चुका है। किंतु वर्तमान में राजस्व विभाग में केवल पटवारी ही एक ऐसा पद है जिसे केवल झूठा आश्वासन मिलता रहा है।

घर चलाना हो रहा मुश्किल

प्रदेश के पटवारियों का न तो ग्रेड पे बढ़ाया गया और न ही समयमान वेतन को संशोधित किया गया। जो भत्ते भी मिल रहे हैं वह ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। पटवारी को अपना घर चलाना मुश्किल हो रहा है। संघ इस बार शासन से आर पार की लड़ाई के मूड़ में है। बताया गया है कि राजस्व मंत्री से भोपाल में पटवारी संघ के प्रांताध्यक्ष की मीटिंग में कोई हल नहीं निकल पाया है। राजस्व मंत्री का कहना है कि पहले हड़ताल खत्म हो फिर मांगे मानी जाएगी। पटवारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि पहले मांगे मानी जाएं तब हड़ताल खत्म होगी। यहां पर यह बता दें कि पटवारियों की हड़ताल विगत कई दिनों से चल रही है। अब पटवारियों द्वारा क्रमिक भूख हड़ताल प्रारंभ कर दिया गया है। ऐसे में राजस्व संबंधी कार्य पूरी तरह से प्रभावित हैं।

Tags:    

Similar News