रीवा में महिलाओं के साथ हो रही ठगी, एक महीने के अंदर चार वारदातों से फैली सनसनी

Rewa News: मध्यप्रदेश के रीवा में महिलाओं के ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। एक महीने के अंदर चार महिलाएं ठगी का शिकार हुईं जिससे शहर में सनसनी फैल गई।

Update: 2023-09-03 07:21 GMT

मध्यप्रदेश के रीवा में महिलाओं के ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। एक महीने के अंदर चार महिलाएं ठगी का शिकार हुईं जिससे शहर में सनसनी फैल गई। ठग गिरोह महिलाओं को अपना निशाना बनाता है, इसके बाद उनके जेवरात उतरवा कर मौके से रफू चक्कर हो जाता है। महिलाओं को इस गिरोह से बचने के लिए सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

इस तरह बनाते हैं ठगी का शिकार

रीवा शहर में ठग गिरोह सक्रिय है जो महिलाओं को अपना टारगेट बनाता है। यह गिरोह महिलाओं को पता पूछने अथवा किसी अन्य जानकारी के बहाने रोकता है। तंत्र-मंत्र या प्रेत बाधा आदि की बातें कर इस कदर महिलाओं में भय फैलाता है कि वह उनके जाल में आसानी से फंस जाती हैं। इसके साथ ही ठगों द्वारा यह भी कहा जाता है कि सोने या चांदी के जेवरात पहनना छोड़ दें तो आपका संकट दूर हो जाएगा। इसके बाद जेवरात उतरवाकर पोटली में रखने को कहते हैं। महिलाएं उनकी बातों में आकर आभूषण उतार देती हैं जिसके बाद वह मौका देख आभूषण समेटकर रफू चक्कर हो जाते हैं। तब महिलाओं को यह एहसास होता है कि वह ठगी का शिकार हो गई हैं।

महीने भर में चार वारदातों को दिया अंजाम

ठग गिरोह द्वारा एक महीने के अंदर चार वारदातों को अंजाम दिया गया। जिसके बाद अब महिलाओं को सावधान रहने की जरूरत है। क्योंकि उनका सामना भी ऐसे ठग गिरोह से हो सकता है। ठग गिरोह ने पहली वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत जेपी मोड़ के समीप 10 अगस्त को अंजाम दिया। जबकि दूसरी ठगी की घटना अमहिया क्षेत्र अंतर्गत सिरमौर चौराहा में 17 अगस्त को हुई। समान थाना क्षेत्र के पीके स्कूल के पीछे 25 अगस्त को ठगी की तीसरी वारदात हुई। जबकि अमहिया थाना क्षेत्र के ललपा तालाब के समीप 31 अगस्त को ठगों ने चौथी वारदात को अंजाम दिया।

इनका कहना है

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह का कहना है कि एक से डेढ़ माह के अंतराल में ठगी की चार वारदातें प्रकाश में आई हैं। इस गैंग को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने चारों स्थानों से सीसीटीवी फुटेज लिया है। किंतु अभी तक ठग हाथ नहीं लगे हैं। उनका कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि यह एक ही गैंग का काम है। महिलाओं को जागरुक रहने की आवश्यकता है वह किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं।

Tags:    

Similar News