रीवा में धान खरीदी में 1.33 करोड़ का घोटाला, 2 गिरफ्तार, 2 फरार

रीवा जिले में धान खरीदी में बड़ा घोटाला सामने आया है। पुलिस ने 5839.6 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी कर 1.33 करोड़ रुपये का गबन करने के आरोप में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। 2 आरोपी अभी भी फरार हैं।;

Update: 2025-02-01 07:23 GMT

मध्य प्रदेश के रीवा ज़िले में धान खरीदी में बड़ा घोटाला सामने आया है। सेमरिया थाना पुलिस ने किसानों के साथ धोखाधड़ी कर सरकारी रुपये का गबन करने के आरोप में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 5839.6 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी दिखाकर 1.33 करोड़ रुपये का गबन किया था।

क्या है पूरा मामला?

विजय वेयर हाउस हिनौता नंबर 2 के खरीदी प्रभारी राकेश शुक्ला उर्फ़ राजा, सुरसरी सिंह और सर्वेयर गजेंद्र सिंह उर्फ़ गज्जू ने मिलकर यह घोटाला किया। उन्होंने बिना धान का उपार्जन किए ही उपार्जन की फर्जी एन्ट्री कर दी और तौल पर्ची बनाकर पैसा निकाल लिया। यह धान केंद्र पर कभी आया ही नहीं और न ही कोई किसान धान लेकर वहां पहुंचा।

किसान ने की थी शिकायत

किसान विपुल सिंह ने इस मामले की शिकायत पुलिस में की थी। जांच में शिकायत सही पाई गई और पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।

दो गिरफ्तार, दो फरार

पुलिस ने इस मामले में गजेंद्र सिंह (29) और सत्यार्थ प्रकाश पाठक उर्फ़ अंकुर (31) को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपी राकेश शुक्ला और सुरसरी सिंह अभी भी फरार हैं।

पुलिस रिमांड पर हैं आरोपी

आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और उनके बैंक खाते, संपत्ति और अन्य आर्थिक लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।

Tags:    

Similar News