एमपी की मजदूर महिला को मिले 240 सोने के सिक्के, पुलिस कर्मियों ने धमकाया और ले उड़े, एसपी ने किया सस्पेंड

MP News: मध्यप्रदेश की एक मजदूर महिला को काम करते समय 240 सोने के सिक्के मिले। जिन्हें महिला अपने घर ले आई और इनको गाड़ दिया। किंतु इसकी भनक गांव वालों को लग गई और समूचे गांव में यह खबर तेजी से फैल गई।

Update: 2023-07-22 07:42 GMT

मध्यप्रदेश की एक मजदूर महिला को काम करते समय 240 सोने के सिक्के मिले। जिन्हें महिला अपने घर ले आई और इनको गाड़ दिया। किंतु इसकी भनक गांव वालों को लग गई और समूचे गांव में यह खबर तेजी से फैल गई। पुलिस कर्मियों ने महिला को डराया धमकाया और सिक्के लेकर गायब हो गए।

क्या है मामला

एमपी के अलीराजपुर जिले का यह मामला बताया गया है। यहां सोडवा थाना क्षेत्र के बेजड़ा गांव निवासी रमकुबाई भयड़िया ने बताया कि वह अपने जेठ की बहू के साथ मजदूरी का कार्य करने गुजरात गई हुई थी। जहां पर वह एक मकान में काम कर रही थी। इस दौरान उसे सोने के 240 सिक्के मिले। जिनको चुपचाप लेकर वह अपने गांव आ गई। यहां पर सारे सिक्कों को जमीन में गाड़ दिया। किंतु समूचे गांव में यह खबर फैल गई।

सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मी और ले गए सिक्के

बेजड़ा निवासी रमकुबाई का कहना है कि बुधवार को चार लोग उसके घर पहुंचे। सादे कपड़े पहने इन लोगों ने अपने आपको पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद उसे धमकाने लगे। घर में जगह-जगह खुदाई कर सिक्कों को अपने साथ ले गए। उसे जब ठगी का एहसास हुआ तो उसने इसकी शिकायत पुलिस से की। ग्रामीणों को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने थाने का घेराव कर दिया। एसडीएम प्रियांशी भवन और एसडीओपी श्रद्धा सोनकर ने थाने में प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराया।

इनको किया सस्पेंड

एसडीओपी के मुताबिक ग्रामीणों की शिकायत पर मामले की जांच के बाद सोंडवा थाने में पदस्थ एक आरक्षक समेत चार पुलिस कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामला संज्ञान में आते ही एसपी हंसराज सिंह ने थाना प्रभारी विजय देवड़ा, प्रधान आरक्षक सुरेश चौहान, आरक्षक राकेश देवार और वीरेन्द्र सिंह को निलंबित कर दिया है। इस मामले में अब जिले की पुलिस गुजरात पुलिस को भी सूचना देने की तैयारी कर रही है।

दो करोड़ से अधिक के हैं सिक्के

बताया गया है कि एक सिक्के का वनज 50 ग्राम तक का है। सिक्कों की संख्या भी अधिक बताई जा रही हैं ऐसे में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इनकी कीमत 2 करोड़ रुपए से अधिक है। गुजरात पुलिस को सूचना देने के बाद वह यह पता लगाएगी कि जहां से सिक्के मिलने की बात की जा रही है वहां पर यह कैसे आए। महिला के घर से सोने के ले जाने वाले पुलिसकर्मी अभी फरार बताए जा रहे हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।

Tags:    

Similar News