उत्तरप्रदेश के हाथरस में सत्संग के बाद भगदड़ से 122 की मौत, 150 घायल

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में आज भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। इस हादसे में 122 लोगों की मौत हो गई है और 150 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

Update: 2024-07-02 14:24 GMT

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में आज सुबह भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। इस हादसे में 122 लोगों की मौत हो गई है और 150 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में से कई की हालत गंभीर है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

यह हादसा हाथरस जिले के फुलरई गांव में हुआ, जो जिला मुख्यालय से 47 किलोमीटर दूर है। हादसे के बाद हालात भयावह हैं। अस्पताल के बाहर शव जमीन पर बिखरे पड़े हैं।

एटा के सीएमओ उमेश त्रिपाठी के अनुसार, हाथरस से अब तक 27 शव एटा लाए गए हैं। इनमें 25 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सत्संग में 20 हज़ार से अधिक लोग मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, सत्संग के समापन के बाद एक साथ बड़ी संख्या में लोग बाहर निकलने लगे। हॉल का गेट छोटा था और भीड़ ज्यादा होने के कारण भगदड़ मच गई। लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे कई लोगों की मौत और घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव मनोज सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है। घटना की जांच के लिए एडीजी आगरा और अलीगढ़ कमिश्नर की टीम गठित की गई है।

Tags:    

Similar News