रीवा के संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में 10 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

रीवा के संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती एक 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Update: 2024-09-06 13:32 GMT

मध्यप्रदेश में रीवा के संजय गांधी स्मृति अस्पताल (SGMH) में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। 10 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। आरोपी ने अस्पताल में भर्ती नाबालिग के साथ गलत हरकतें कीं और उसे गलत तरीके से छूने का प्रयास किया। पीड़िता ने इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजनों ने अमहिया थाने में शिकायत दर्ज कराई।

घटना संजय गांधी स्मृति अस्पताल के ईएनटी (कान, नाक, गला) विभाग में हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र की रहने वाली है, जिसे गले की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में बिस्तर की कमी के कारण पीड़िता और उसके परिजन फर्श पर लेटे हुए थे। उसी दौरान आरोपी, जो खुद एक अन्य मरीज का अटेंडर बनकर अस्पताल में रुका हुआ था, ने इस घटना को अंजाम देने की कोशिश की।

आरोपी की पहचान राजेश साकेत के रूप में हुई है, जो गड़रिया गांव का रहने वाला है। पहले उसने बच्ची से बातचीत के बहाने उसके साथ नजदीकी बढ़ाई और फिर उसे मोबाइल दिखाने के बहाने अपने पास बुलाया। इसके बाद उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की।

एडिशनल एसपी अनिल सोनकर के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और अब वह न्यायिक हिरासत में है। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags:    

Similar News