
- Home
- /
- उत्तरप्रदेश
- /
- UP में बड़ा सड़क हादसा:...
UP में बड़ा सड़क हादसा: ट्रक ट्राला से टकराई रोडवेज बस, तीन की मौत, दो दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर

उत्तर प्रदेश। प्रदेश के आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है। सवारियों से भरी रोडवेज बस हाइवे में खड़े ट्रक ट्राला से जा टकराई। इस सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की जहां मौत हो गई हैं तो वहीं दो दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस दर्दनाक सड़क हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी की माने तो रोडवेज की यह बस कानपुर से 50 सवारियों को लेकर आगरा के लिए निकली थी। बस में इटावा, कानुपर, फिरोजाबाद, आगरा, अलीगढ़ रूट के कई यात्री सवार थे। रात के समय बस तकरीनब 2 बजे इटावा के बकेवर थाना से गुजर रही थी, तभी हाईवे में खड़े 22 चक्का ट्रक ट्राला से जा टकराई। बताया जा रहा है कि बस की तेज रफ्तार होने के चलते कंडक्टर साइड बस का पूरा हिस्सा उड़ गया है। इस दुर्घटना के बाद बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 30 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस घटना को देखकर स्थानीय लोग सन्न रह गए। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। तो वहीं ड्राइवर बस छोड़ मौके से फरार हो गया।
घायल को पहुंचाया अस्पताल
प्रशासन को जैसे ही इस घटना की जानकारी हुई तो ग्रामीण एसपी ओमवीर सिंह व सीओ भरथाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने एक मासूम सहित दो अन्य लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक महिला सहित 7 लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें सैफई अस्पताल के लिए रेफर किया गया। जिला अस्पताल की 5 सदस्यीय टीम घायलों का इलाज कर रही है। इस दर्द विदारक सड़क दुर्घटना की जानकारी जैसे यात्रियों के परिजनों को लगी, सभी के होश उड़ गए। वह तत्काल परिजनों के पास पहुंचे।