
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- सिंगरौली
- /
- सिंगरौली: बाइक में...
सिंगरौली: बाइक में फंसी साड़ी, गिर कर घायल हुई महिला की गई जान

सिंगरौली: बाइक में साड़ी फंसने के बाद घायल हुई महिला की आखिरकार जान चली गई। मृतक महिला के शव का पीएम करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा सिंगरौली जिले के जियावन थाना अंतर्गत जोगनी का बताया गया है।
बताया गया है कि गत दिवस महिला रानू बैस 45 वर्ष अपने पति विद्या प्रकाश के साथ बाइक में सवार होकर देवसर बाजार गई थी। वापस लौटते हुए जैसे ही महिला अपने गांव के समीप पहुंची अचानक महिला की साड़ी बाइक में फंस गई। जिसके कारण महिला बाइक से गिर कर घायल हो गई। परिजनों की मदद से महिला को सिंगरौली जिला चिकित्सालय ले जाया गया। यहां भर्ती रही महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे संजय गांधी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि एसजीएमएच के आकस्मिक चिकित्सा विभाग पहुंची महिला को सर्जरी आईसीयू वार्ड रेफर कर दिया गया। यहां भर्ती रही महिला को चिकित्सकों के काफी प्रयास के बाद भी नहीं बचाया जा सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक के सामने आया कुत्ता, घायल अधेड़ की मौत
इसी प्रकार एक अन्य सड़क हादसे में घायल अधेड़ सत्यदेव सिंह पुत्र सिद्धनाथ सिंह 44 वर्ष निवासी सरई सिंगरौली की मौत हो गई। बताया गया है कि गत दिवस अधेड़ की बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया था। जिसके कारण बाइक चला रहा अधेड़ उस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। अनियंत्रित हुई बाइक फिसल गई। दुर्घटनाग्रस्त अधेड़ को सिंगरौली जिला चिकित्सालय ले जाया गया। यहां भर्ती रहे अधेड़ को चिकित्सकां ने एसजीएमएच रीवा रेफर कर दिया। बताया गया है कि चिकित्सालय के सर्जरी वार्ड में भर्ती रहे अधेड़ की बीती रात मौत हो गई। मृतक अधेड़ के शव का पीएम करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।