
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- शहडोल की बेटी पूनम...
शहडोल की बेटी पूनम सोनी का सेंट्रल जोन सीनियर वूमेन टी-20 में चयन

शहडोल। शहर के महात्मा गांधी स्टेडियम में क्रिकेट का नियमित अभ्यास करने वाली पूनम सोनी का चयन सेंट्रल जोन सीनियर वूमेन टी-20 के लिए किया गया है। जहां वह अपना हुनर लोगों को दिखाएंगी। यह मैच 8 नवम्बर से खेला जाएगा। प्रदेश की ओर से लगातार खेलते हुए पूनम ने लगातार अपने कॅरियर को आगे बढ़ाया है। सेंट्रल जोन सीनियर वूमेन टी-20 में उनका चयन प्रतिभा और मेहनत को प्रदर्शित करता है।
प्रदेश से दो खिलाड़ियों का चयन
सेंट्रल जोन सीनियर वूमेन टी-20 के लिए मध्यप्रदेश से दो खिलाड़ियों का चयन किया गया है। जिसमें ग्वालियर से अनुष्का शर्मा और शहडोल से पूनम सोनी का नाम शामिल है। यहां उल्लेखनीय है कि पूनम सोनी इसके पूर्व भी क्रिकेट में उम्दा प्रदर्शन कर चुकी हैं जिसके चलते ही उनको यह सफलता हासिल हुई है।
2012 से की थी क्रिकेट की शुरुआत
पूनम सोनी ने वर्ष 2012 से क्रिकेट की शुरुआत की थी। महात्मा गांधी स्टेडियम में नित अभ्यास करते-करते उन्होंने मध्यप्रदेश की क्रिकेट टीम में अपनी जगह पक्की की। जो शहडोल डिवीजन को रिप्रजेंट करती है। यहां उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी पूनम अंडर 19 इंडिया चैलेंजर टी-20 ट्राफी के लिए भी चयनित होकर अपना हुनर दिखा चुकी हैं। मध्यप्रदेश टीम से पूनम ने अपना पहला मैच वर्ष 2015-16 में खेला था। इसके बाद वर्ष 2017-18 में सेंट्रल जोन से खेलने का अवसर प्राप्त हुआ जिसमें टीम रनर अप रही थी।
बाएं हाथ की हैं गेंदबाज
पूनम बाएं हाथ की गेंदबाज हैं। जिन्होंने अंडर 19 चैलेंजर ट्राफी के लिए पूनम ने प्रदेश की टीम से अपने खेल का प्रदर्शन किया था। मध्यप्रदेश से लगातार खेलते हुए पूनम अपने कॅरियर को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सफल रही हैं। सेंट्रल जोन सीनियर वूमेन टी-20 में चयन होने से अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि कामयाबी पूनम के कदम चूमेगी और वह दिन दूर नहीं जब वह भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाने में वह सफल होंगी।