
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- एमपी शहडोल में ब्रेक...
एमपी शहडोल में ब्रेक फेल होने से घाटी से नीचे उतरी बस, चार घायल, चालक गंभीर

मध्यप्रदेश के शहडोल में ब्रेक फेल होने से दौड़ रही बस घाटी से नीचे उतर गई। शुक्रवार को यह बस सीधी से शहडोल जा रही थी। हनुमान घाटी में हुए इस हादसे में बस चालक सहित चार सवार घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां चालक की हालत गंभीर बताई गई है। चालक को चिकित्सकों ने रेफर कर दिया है।
बस में 35 लोग थे सवार
बताया गया है कि बस में लगभग 35 लोग सवार थे। सीधी से शहडोल आ रही कैपिटल कंपनी की बस का ब्रेक फेल हो गया।यह हादसा शुक्रवार की सुबह 10 बजे घटित होना बताया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक बस क्रमांक एमपी 18 पी 0270 जैसे ही ब्यौहारी थाना क्षेत्र के हनुमान घाटी पहुंची उसका ब्रेक फेल हो गया और वह घाटी में नीचे उतर गई। जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ब्यौहारी में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार की स्थिति निर्मित हो गई।
चालक को किया रेफर
गनीमत की बात यह रही कि इस हादसे में तीन यात्रियों सहित बस चालक को चोटें पहुंची हैं। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। शहडोल मेडिकल कॉलेज के सिविल अस्पताल के चिकित्सकों ने चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया है। हादसे की जानकारी होने पर मौके पर पुलिस पहुंची जिसके द्वारा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। जबकि घटना के बाद अन्य लोग बस से उतरकर अन्य वाहनों में सवार होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। बस चालक की हालत गंभीर बताई गई है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
