
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- सतना
- /
- सतना: शादी की...
सतना: शादी की तैयारियों के बीच मधुमक्खियों का हमला, आधा दर्जन घायल

सतना (Satna News): शादी की तैयारियों के बीच मधुमक्खियों ने ऐसा कहर बरपाया कि भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। बताते हैं कि मधुमक्खियों के काटने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को किजला चिकित्सालय सतना ले जाया।
बताया गया है कि जिले के अमरपाटन थाना के परसवाही गांव में भुवन पटेल के यहां शादी की तैयारियां चल रही थी। इसी दरमियान अचानक से उड़ती हुई आई मधुमक्खियों ने शादी में आए लोगों को काटना शुरू कर दिया।
धुएं के कारण बनी स्थिति
बताया गया है कि खाना बनाने के दौरान उससे निकले धुएं के कारण वहां पेड़ में मौजूद मधुमक्खियां विचलित हो गई। इसी दरमियान मधुमक्खियों ने वहां मौजूद लोगों को काटना शुरू कर दिया। गौरतलब है कि विगत दिवस अमरपाटन थाना क्षेत्र के ही लालपुर के बर्रेहा मोड़ स्थित श्मसान घाट में भी ऐसी ही घटना हुई थी। जिसमें धुएं के कारण विचलित मधुमक्खियों ने वहां मौजूद लोगों को काटना शुरू कर दिया था।
ये हुए घायल
बताया गया है कि मधुमक्खियों के काटने से रामचन्द्र पटेल, रामलखन पटेल, अशोक पटेल, पूजा पटेल सहित दो अन्य लोग घायल हुए हैं। चिकित्सालय में भर्ती घायलों की हालत सामान्य बताई गई है।