
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा में लाठी से पीट...
रीवा में लाठी से पीट कर युवक की हत्या, परिजनों ने थाने के सामने शव रख कर किया चक्काजाम

MP Rewa Murder News : मऊगंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के बाद आक्रोशित परिजनों ने बुधवार की सुबह थाने के सामने शव रख कर हंगामा प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान तकरीब 2 घंटे से अधिक समय तक यहां चक्काजाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंची पुलिस की समझाइस के बाद अंततः परिजन मान गए।
देर रात हुआ था विवाद
पुलिस ने बताया कि मऊगंज कस्बा निवासी छोटेलाल गुप्ता का बीते दिवस क्षेत्र के ही युवाओं से बीती रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने युवक की लाठी से बेदम पिटाई कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गए। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस और 108 एम्बुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से घायल युवक को सिविल अस्पताल मऊगंज ले जाया गया। चिकित्सालय में भर्ती रहे युवक की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक के शव का पीएम करने के बाद चिकित्सकों ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
बताया गया है कि युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजन युवक के शव को लेकर थाना परिसर पहुंच गए। जहां मुख्य मार्ग में परिजनों ने युवक का शव रख कर हंगामा प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानें, तकरीबन दो घंटे तक चले हंगामा-प्रदर्शन के बाद अंततः परिजन मान गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
लाठी के हमले में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा-प्रदर्शन कर चक्काजाम लगा दिया। अंत में समझाइस के बाद मान गए।
नवीन दुबे, एसडीओपी मऊगंज

Ankit Pandey | रीवा रियासत
Web Stories, Content Creator, Publisher