
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा एसपी ने किया यूपी...
रीवा एसपी ने किया यूपी बार्डर का निरीक्षण, बढ़ाई गई निगरानी

मध्यप्रदेश में दिसंबर माह में विधानसभा चुनाव संभावित हैं। ऐसे में रीवा पुलिस भी अलर्ट मोड़ पर आ गई है। गुंडे, बदमाशों पर जहां कार्रवाई की जा रही है तो वहीं एमपी-यूपी बार्डर पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। यही वजह है कि बुधवार को पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह उत्तर प्रदेश के बार्डरों का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां पर पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।
अवैध गतिविधियों पर करें कार्रवाई
बताया गया है कि बुधवार की दोपहर रीवा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह भ्रमण पर निकले। उन्होंने चाकघाट, सोहागी और जनेह थाना क्षेत्र के मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश बार्डर का निरीक्षण किया। इस दौरान त्योंथर एसडीओपी उदित मिश्रा के अलावा तीनों थाना प्रभारी मौजूद थे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने बार्डर पर निगरानी बढ़ाने के संबंध में भी आदेश दिया है। इसके साथ ही अवैध गतिविधियों पर भी कार्रवाई करने को कहा है।
मऊगंज में हुई बार्डर मीटिंग
इधर विधानसभा चुनाव के मदद्देनजर मऊगंज में बार्डर मीटिंग आयोजित की गई। मऊगंज जिले के एसपी वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर बार्डर से सटे थाना प्रभारियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ बैठक किया। बैठक में दोनों प्रदेशों की पुलिस ने गुंडे-बदमाशों की सूची का अदान-प्रदान किया। इसके साथ ही नशे के अवैध कारोबार पर नजर रखने पर सहमति बनी है। दोनों पुलिस ने एक-दूसरे का पूरा सहयोग करने की बात कही है।
