
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा: यातायात व्यवस्था...
रीवा: यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने हटाई गई चौपाटी से दुकानें

रीवा: शहर के शिल्पी प्लाजा ए ब्लॉक के पीछे पार्किंग के लिए आरक्षित तकरीबन आधा सैकड़ा से अधिक दुकानों को मंगलवार की रात हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान नगर निगम के कर्मचारियों के साथ ही भारी पुलिस बल मौजूद रहा। गौरतलब है कि इस कार्रवाई के दौरान सीएसपी, सिविल लाइंस, अमहिया थाना और यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।
बताया गया है कि शिल्पी प्लाजा की यातायात व्यवस्था काफी समय से चरमराई हुई थी। चाहे चार पहिया वाहन हों या फिर बाइक यहां अव्यवस्थित तरीके से खड़ी रहती थी। अव्यवस्थित वाहनों के खड़ा होने के कारण यहां कई बार जाम की स्थिति निर्मित होती रहती थी। इन्हीं सभी समस्याओं को देखते हुए नगर निगम और पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
असमाजिक तत्वों का जमावड़ा
पुलिस की माने तो अतिक्रमित स्थान में रात के समय असमाजिक तत्वों का जमावड़ा भी बना रहता था। असमाजिक तत्वों के यहां जमे होने के कारण कई बार विवाद की स्थिति भी निर्मित हो जाती थी। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद इस समस्या से भी निजात मिलेगा। पुलिस की माने तो कई असमाजिक तत्व यहां से पूर्व में कफ सिरप के साथ पकड़े गए थे।
कहां जाएंगे दुकान संचालक
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जहां आधा सैकड़ा से अधिक दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई वहीं एक सवाल यह भी यह है कि कई वर्षों से यहां दुकान संचालित करने वाले दुकान संचालक अब आखिर कहां जाएंगे। इन दुकान संचालकां की दुकानें अब कहां लगेगी इस बारे में नगर निगम द्वारा अभी तक कोई विकल्प नहीं तलाशा गया है। अगर यह कहा जाय कि एक व्यवस्था बनाने के लिए नगर निगम ने संबंधित दुकान संचालकों के साथ गलत किया है तो अतिशयोक्ति न होगा।