
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा: अधिकारी की...
रीवा: अधिकारी की प्रताड़ना, डिप्रेशन से जूझ रहे कर्मचारी को कार्यालय में ही आया चक्कर, भर्ती, संघ ने की कार्रवाई की मांग

रीवा: अमहिया थाना अंतर्गत बिजली विभाग के परीक्षण शाखा में सहायक अभियंता पर एक कर्मचारी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। विभागीय कर्मचारियों की माने तो अधिकारी की प्रताड़ना से कर्मचारी विक्रम यादव संविदा लाइन स्टाफ डिप्रेशन में था। इसी कड़ी में शुक्रवार की दोपहर जब कर्मचारी अपने कार्यालय गया तो फिर से अधिकारी द्वारा कर्मचारी को परेशान करते हुए धमकी दी जाने लगी। बताते हैं कि इसी दरमियान अचानक कर्मचारी को चक्कर आ गया और वह कार्यालय में ही बेहोश हो गया। साथ रहे अन्य स्टाफ द्वारा कर्मचारी को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा विभाग में भर्ती कर्मचारी की हालत सामान्य बताई गई है।
कार्यालय जाने के बाद भी किया जा रहा था अनुपस्थित
बताया गया है कि पिछले चार दिन से अधिकारी द्वारा कर्मचारी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर जाता था। लेकिन उससे काम नहीं लिया जा रहा था। इसके अलावा उपस्थित रजिस्टर में दस्तखत करने के बाद अधिकारी द्वारा कर्मचारी को अनुपस्थित कर दिया जाता था। इसके अलावा अधिकारी पर गाली-गलौज, धमकी दिए जाने की बात भी साथ रहे कर्मचारियों ने कही है।
संघ ने दी चेतावनी
बिजली कर्मचारी संघ ने बताया कि अधिकारी द्वारा संविदा पर कार्य कर रहे कर्मचारी विक्रम यादव को काफी समय से परेशान किया जा रहा था। शुक्रवार को भी जब संबंधित अधिकारी द्वारा कर्मचारी को डांटा जा रहा था, तो इसी दरमियान कर्मचारी को चक्कर आ गया। हमारे द्वारा विभाग के अधिकारियों को आरोपी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।

Ankit Pandey | रीवा रियासत
Web Stories, Content Creator, Publisher