
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- REWA : विधायक का अलग...

रीवा (Rewa News)। जब पूरे देश में कोरोना वायरस ने हाहाकार मचा रखा है और लोग त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री से लेकर तमाम राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, अधिकारी-कर्मचारी कोरोना संक्रमण से आम लोगों बचाने के लिए दिन रात परेशान हैं तो मध्यप्रदेश के रीवा जिले के त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्यामलाल द्विवेदी खेतों में गेहूं की कटाई व बोझा ढोते देखे जा रहे हैं। हालांकि विधायक क्या संदेश देना चाहते हैं यह वही जानें।
भारत कृषि प्रधान देश है और देश की 80 फीसदी जनता गांवों में निवास करती है, जिनके जीविकोपार्जन का मुख्य साधन खेती है। अपने विधायक भी गांव के एक किसान परिवार से हैं। ये अच्छी बात है कि उन्होंने अपने परम्परागत कार्य किसानी को आज भी नहीं भूल पाये हैं और मौका मिलने पर किसानी करने से संकोच नहीं कर रहे हैं।
विधायक क्षेत्र के जनप्रतिनिधि
आपको बता दें कि विधायक विधानसभा क्षेत्र की जनता का प्रतिनिधि होता है। आम जनता ने कीमती वोट देकर अपना प्रतिनिधि चुना है। जनता को विषम परिस्थिति में उसके मार्गदर्शन एवं सहयोग की महती आवश्यकता होती है। वर्तमान में जिस तरह से कोरोना वायरस ने हाकाकार मचा रखा और आम जनता डरी सहमी है, लोगों की असमय मौत हो रही है। इससे बड़ी विषम परिस्थिति क्या होगी। ऐसे समय में लोगों को विधायक के सम्बल की जरूरत है, मार्गदर्शन की जरूरत है, तब विधायक खेतों में कटाई और गहाई में व्यस्त नजर आ रहे हैं।
खेत छोड़ आमजन के दुख-दर्द समझें
वैसे कोई काम गलत नहीं होता है लेकिन आम जनता के सामने सबसे बड़ी समस्या वर्तमान में कोरोना महामारी के रूप में खड़ी है जहां अस्पतालों में पीड़ित मरीजों को दवा नहीं मिल रही है, बेड नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में उनके बीच पहुंचकर उनका सम्बल बढ़ाएं, उन्हें दवा उपलब्ध कराने में मदद करें तो ज्यादा अच्छा होगा। जिससे आपका भी भला होगा और जनता का भी। आपके बिना खेत नहीं उजड़ेगा, फसल कट जाएगी।