
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- हत्या की सजा काट रहे...
हत्या की सजा काट रहे कैदी की अस्पताल में मौत, परिजनों ने रीवा जेल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

रीवा- हत्या के एक मामले में सजा भुगत रहे कैदी की संजय गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक कैदी धर्मेन्द्र सिंह निवासी कुसहा थाना पनवार 45 वर्ष के शव का पीएम कर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि न्यायालय द्वारा एक साल पूर्व हत्या के आरोप में धर्मेन्द्र सिंह को आजीवन कारावास की सजा से दण्डित किया था। न्यायालय के आदेश के बाद कैदी को केन्द्रीय जेल रीवा भेज दिया गया। यहां कैदी आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा था। इसी बीच तकरीबन पांच दिन पूर्व कैदी को पेट में तकलीफ होने पर संजय गांधी अस्पताल लाया गया। बताते हैं कि एसजीएमएच के मेडिसिन विभाग के आईसीयू वार्ड में भर्ती रहे कैदी की बीती रात मौत हो गई।
खराब हो गई थी किड़नी
पुलिस ने बताया कि मेडिकल जांच में पता चला है कि कैदी की किडनी खराब हो गई थी। जिसके कारण उसकी असमय मौत हो गई। अस्पताल के चिकित्सकों ने कैदी को बचाने का प्रयास किया। लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो पाए। अंत में उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाया आरोप
परिजनों का कहना है कि समय पर जेल प्रबंधन द्वारा हमें जानकारी नहीं दी गई। पांच दिन से धर्मेन्द्र सिंह अस्पताल में भर्ती था। हमें इस बारे में दो दिन पूर्व बताया गया। आरोप है कि जेल प्रबंधन द्वारा युवक का सही तरीके से और समय पर ईलाज नहीं किया गया। जिसका परिणाम यह निकला कि उसकी असमय मौत हो गई। अगर जेल प्रबंधन द्वारा सही तरीके से ईलाज कराया जाता तो उसकी जान बच सकती थी।