रीवा

रीवा में सूने मकान का बदमाशों ने चटकाया ताला, 10 लाख रुपए के आभूषण कर दिए पार

Sanjay Patel
24 Aug 2023 6:04 AM GMT
रीवा में सूने मकान का बदमाशों ने चटकाया ताला, 10 लाख रुपए के आभूषण कर दिए पार
x
Rewa News: एमपी के रीवा शहर में लचर कानून व्यवस्था के बीच एक बार फिर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के आनंद नगर में सूने मकान को बदमाशों ने निशाना बनाया है।

एमपी के रीवा शहर में लचर कानून व्यवस्था के बीच एक बार फिर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के आनंद नगर में सूने मकान को बदमाशों ने निशाना बनाया है। ताला चटका कर यहां से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी का जेवरात पार कर दिये हैं। घटना के बाद मौके पर विवि पुलिस समेत एफएसएल यूनिट मौके पर पहुंची है। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने उनकी तलाश प्रारंभ कर दी है।

बिखरा हुआ मिला कमरे का सामान

इस संबंध में हासिल जानकारी के मुताबिक आनंद नगर निवासी राममूर्ति मिश्रा पूरे परिवार के साथ कुछ दिनों पहले अपने गांव त्योंथर क्षेत्र के अंजोरा गये हुये थे। बुधवार को घर पहुंचे तो मेन गेट का ताला टूटा था। इसके बाद भीतर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घर के ऑलमारी व पेटियों में रखा करीब 10 लाख रुपये कीमत का जेवरात पार कर दिये हैं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी विश्वविद्यालय थाना को दी गई। जिसके बाद थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से घटना स्थल का निरीक्षण किया। यहां से भौतिक साक्ष्य एकत्रित किये गये। जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है। इसके अलावा मुखबिर तंत्र को भी अलर्ट किया गया है। दावा किया गया है कि चोरी करने वाले बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। फिलहाल संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित राममूर्ति मिश्रा ने बताया कि उनके पुत्र राजेन्द्र मिश्रा पुलिस विभाग में निरीक्षक के पद पर पदस्थ थे। करीब दो वर्ष पूर्व तबियत बिगड़ने की वजह से सेवाकाल में ही उनकी मृत्यु हो गई। ऐसे में आनंद नगर वाला घर खाली रहता था। गांव से अक्सर वे आया-जाया करते थे।

Next Story