
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा में जमीनी विवाद...
रीवा में जमीनी विवाद में महिलाओं पर हाईवा से गिराई गई मुरुम, एक गले तक दबी, दूसरी कमर तक

रीवा के मनगवां थाना अंतर्गत गंगेव चौकी में शनिवार को जमीनी विवाद में दो महिलाओं पर एक हाईवा से मुरुम गिरा दी गई। इस घटना में एक महिला गले तक और दूसरी महिला कमर तक मुरुम के ढेर में दब गईं। दोनों महिलाओं को फावड़े से खुदाई कर बाहर निकाला गया। घटना के बाद एक महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जीवेश कुमार पांडेय और शिवेश कुमार पांडेय का आरोप है कि कुछ लोग उनकी पट्टे की जमीन पर जबरन मुरुम डालकर सड़क बना रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनपर हमला कर दिया और उनकी पत्नियों के ऊपर हाईवा से मुरुम गिरा दी। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें फावड़े की मदद से मुरुम को हटाकर ममता पांडेय और आशा पांडेय को बाहर निकाला गया। दोनों महिलाओं को इलाज के लिए गंगेव प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया।
एडिशनल एसपी विवेक लाल ने बताया कि सूचना मिली है कि दो महिलाएं विरोध कर रही थीं। इस दौरान हाईवा से मुरुम पलटी कर दी गई। जिसमें दोनों महिलाएं दब गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।