
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा में कच्चे मकान...

एमपी के रीवा जिला अंतर्गत गगहरा गांव में आगजनी की घटना प्रकाश में आई है। यहां कच्चे मकान में आग भड़क उठी। परिजनों को इसकी जानकारी होने पर मदद के लिए आवाज लगाई गई। जिस पर गांव के लोगों मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। किंतु आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि देखते ही देखते घर का खपरैल सहित अंदर रखा समूचा गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।
ग्रामीणों ने आग बुझाने किया प्रयास
जानकारी के मुताबिक सगरा थाना अंतर्गत गगहरा गांव में राजमणि गुप्ता और रोशनलाल गुप्ता के कच्चे मकान में अचानक आग भड़क उठी। यहां पर उनका पूरा संयुक्त परिवार निवास करता है। रविवार को अज्ञात कारणों से लगी से अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया। सुबह तकरीब 10.30 बजे घर के सदस्यों को आग लगने की जानकारी हुई। जिसके बाद वह घर से बाहर आए और शोर मचाया। मौके पर ग्रामीणजन पहुंच गए। जिनके द्वारा बाल्टी व अन्य साधनों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। किंतु आग बढ़ती ही जा रही थी।
मौके पर एक घंटे देरी से पहुंचा दमकल
आगजनी की इस घटना में परिजनों को आवश्यक सामान तक बाहर निकालने का मौका नहीं मिला। इसकी सूचना डायल 100 और फायर ब्रिगेड को दी गई। एक घंटे की देरी से मौके पर दो फायर ब्रिगेड भी पहुंचे। तब तक घर सहित गृहस्थी का सामान पूरी तरह से जल चुका था। सगरा पुलिस का कहना है कि आगजनी की सूचना पर थाने का बल मौके पर गया है। फायर ब्रिगेड की मदद से दोपहर 12 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि शार्ट सर्किट के कारण घर सुबह लगी होगी। जिसके चलते कुछ ही देर में आग विकराल हो गई और सब कुछ जलकर नष्ट हो गया। सगरा पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है।
