
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- केंद्रीय दल ने रीवा...
केंद्रीय दल ने रीवा में धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था का लिया जायजा, जताया असंतोष

Rewa Madhya Pradesh News: खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग मंत्रालय नई दिल्ली की तीन सदस्यीय टीम शुक्रवार को रीवा पहुंची जहां उसने धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था का जायजा लिया। जांच टीम ने खरीदी केन्द्रों में कार्य करने वाले कर्मचारियों के साथ किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। आपको बता दें कि भारत सरकार के उपभोक्ता संरक्षण, खाद, नागरिक आपूर्ति विभाग मंत्रालय द्वारा मध्यप्रदेश के धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करने के लिये टीम भेजा गया है। इसी परिप्रेक्ष्य में 2 दिसंबर एवं 3 दिसंबर को जांच टीम द्वारा खरीदी केंद्रों का भ्रमण किया गया और व्यवस्था देखी। इस दल में जयनारायण, प्रदीप कुमार, विक्रम बहादुर शामिल हैं।
यहां देखी व्यवस्था
जांच दल ने रीवा के करहिया मंडी, गुढ़, गंगेव स्थित खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान काफी अव्यवस्था देखने को मिली जिससे निरीक्षण दल अंसतुष्ट नजर आया। किसानों ने निरीक्षण दल से समस्याओं को लेकर शिकायत की। जानकारी अनुसार विभाग को शासन से 31 रुपये प्रति क्विंटल के मान से खरीदी केंद्रों की व्यवस्था के लिये मिलते हैं लेकिन केंद्रों को 15 रुपये ही दिये जाते हैं। अधिक तौल और तौलाई में वसूली की शिकायतें भी सामने आई।
किसानों का लगा रहा हुजूम
निरीक्षण दल के रीवा पहुंचने की जानकारी मिलने पर करहिया मंडी में किसानों का हुजूम लगा रहा है। किसानों दल के समक्ष खाद, बीज से लेकर धान खरीदी की अव्यवस्था को लेकर बात रखी। खरीदी केन्द्रों में रेट सूची लगाने की मांग की गई। खाद लेने के लिये काफी संख्या में किसान करहिया मंडी पहुंचे थे। वहीं तौलाई करने वाले हम्मालों ने मजदूरी बढ़ाये जाने की मांग रखी। वसूली की शिकायतें की गई। इन सब बातों को गंभीरता से केंद्रीय जांच दल सुनता रहा।