रीवा

रीवा के अमहिया हत्याकांड का 9वां आरोपी गिरफ्तार, साइबर सेल की मदद से सीधी में पकड़ा गया

Sanjay Patel
2 Sept 2023 11:13 AM GMT
रीवा के अमहिया हत्याकांड का 9वां आरोपी गिरफ्तार, साइबर सेल की मदद से सीधी में पकड़ा गया
x
Rewa News: मध्यप्रदेश के रीवा शहर में बहुचर्चित अमहिया हत्याकांड के नौवें आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस आरोपी को साइबर सेल की मदद से सीधी से पकड़ा है।

मध्यप्रदेश के रीवा शहर में बहुचर्चित अमहिया हत्याकांड के नौवें आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस आरोपी को साइबर सेल की मदद से सीधी से पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी हाईकोर्ट से जमानत की फिराक में फरारी काट रहा था। आरोपी को सीधी से रीवा की अमहिया पुलिस ने दबोचा।

गांव में काट रहा था फरारी

अमहिया के विशाल मिश्रा के मर्डर में शामिल आरोपी को पुलिस ने सीधी जिले से पकड़ा है। वह अपने पुस्तैनी गांव में फरारी काट रहा था। इस संबंध में अमहिया थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद सिंह राठौर के मुताबिक 1 सितम्बर की दोपहर हर्षवर्धन सिंह पुत्र स्व. रणबहादुर 19 वर्ष निवासी बसौड़हा थाना बहरी जिला सीधी हाल पीएम आवास क्रमांक 375 तोपखाना थाना बिछिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फरारी काट रहा था जो अपने पुस्तैनी गांव में छिपा हुआ था। पुलिस का कहना है कि जमानत की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

यह है मामला

विशाल मिश्रा पुत्र उपेन्द्र मिश्रा 20 वर्ष निवासी अमिलकी थाना गोविंदगढ़ हाल बिछिया को 17 जुलाई की रात्रि गोली मार दी गई थी। पुलिस के मुताबिक सुमित सिंह परिहार के कहने पर अमहिया में 10 दोस्त इकट्ठा हुए थे। झांसा देकर विशाल को सुमित अपने अमहिया स्थित आवास पर ले गया। जहां सभी नाश्ता किए। इसके बाद विशाल को छत पर ले गए जहां पुरानी रंजिश पर उसके साथ मारपीट करने के बाद पेट में सटाकर गोली मार दी गई। जिससे विशाल मिश्रा की हालत नाजुक हो गई। ऐसे में सभी साथी उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां चिकित्सकों के मना करने के बाद संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे। किंतु चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। ऐसे में सभी साथी उसकी लाश अस्पताल में छोड़कर वहां से भाग निकले थे।

बनाए गए हैं 10 आरोपी

अमहिया हत्याकांड के इस मामले में कुल 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है। जिसमें आठ आरोपियों को पुलिस द्वारा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि अब नौवें आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने एफआईआर में सुमित सिंह परिहार को मुख्य आरोपी बनाया है। जबकि सहयोग में पिता हंशराज सिंह, सुमित की मां, सुमित के दोस्त सचिन, सुमित की बहन, शरद मिश्रा, निखिल सिंह, सुमित का मामा संतोष सिंह गहरवार, प्रत्यक्ष सिंह बघेल, हर्षली को आरोपी बनाया गया है।

Next Story