
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- एमपी के पन्ना में...
एमपी के पन्ना में दुनिया की सबसे उम्रदराज हथिनी ‘वत्सला’, गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने जांच के लिए भेजे जाएंगे दांत के सैंपल

मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व की उम्रदराज हथिनी की उम्र का पता लगाने के लिए वन विभाग द्वारा अनुमति प्रदान कर दी गई है। हथिनी के दांत को सैंपल के तौर पर जांच हेतु हैदराबाद भेजे जाने की तैयारी है। जिसके लिए टाइगर रिजर्व प्रबंधन जुट गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद हथिनी की वास्तविक उम्र का पता लग जाएगा। अफसरों का मानना है कि पीटीआर की वत्सला हथिनी सबसे ज्यादा उम्र की हथिनी है। उसकी अनुमानित आयु 100 से अधिक है। ऐसे में अफसरों का मानना है कि उसका नाम निजी बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हो सकता है।
केरल से 30 वर्ष पूर्व आई थी पन्ना
एमपी के पन्ना टाइगर रिजर्व में सबसे उम्रदराज हथिनी का नाम वत्सला है। जो हाथियों के बीच रहकर छोटे हाथियों की देखभाल करने में अपनी अहम भूमिका अदा करती है। पीटीआर में इस समय तकरीबन 17 छोटे-बड़े हाथी मौजूद हैं। वत्सला केरल के नीलाम्बुर फॉरेस्ट डिवीजन में पली बढ़ी। लगभग 30 वर्ष पूर्व वर्ष 1993 में उसे पन्ना टाइगर रिजर्व लाया गया था। तब से यह पन्ना टाइगर रिजर्व में ही रह रही है। यहां के अफसरों का मानना है कि वत्सला दुनिया की सबसे ज्यादा उम्र की हथिनी है।
रिकॉर्ड में दर्ज है 86 साल का सबसे उम्रदराज हाथी
पन्ना टाइगर रिजर्व में मौजूद हथिनी वत्सला की उम्र 102 साल से अधिक होने की उम्र अफसरों ने जताई है। जब इसे केरल से यहां लाया गया था उस दौरान महावत रमजान खाना व चारा कटर मनीराम भी यहां आए थे। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में सबसे ज्यादा उम्र के हाथी के रूप में सिन वांग का नाम दर्ज है। 26 फरवरी 2020 को 86 वर्ष की उम्र में उसकी मौत हो गई थी। कई बार वत्सला हथिनी का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज करने की मांग भी की जा चुकी है।
वत्सला के दाढ़ का सैंपल भेजेंगे हैदराबाद
सबसे उम्रदराज हथिनी अब वत्सला को ही माना जा रहा है। हालांकि उसके जन्म संबंधित कोई पुख्ता दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। जिसके चलते उसका नाम दर्ज नहीं हो पा रहा है। ऐसे में उसकी वास्तविक आयु का पता लगाने के लिए हथिनी के दांत के सैंपल को अब हैदराबाद लैब भेजा जा रहा है। पीटीआर के फील्ड डायरेक्टर बृजेन्द्र झा के मुताबिक पन्ना टाइगर रिजर्व में मौजूद वत्सला नाम की हथिनी सबसे उम्रदराज है। जिसकी वास्तविक उम्र का पता लगाने के लिए उसके दाढ़ का सैंपल हैदराबाद भेजा जा रहा है। उनका कहना था कि वत्सला की अनुमानित उम्र लगभग 102 वर्ष है। जिसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज करवाने का प्रयास किया जाएगा।
