
अजीबोगरीब मामलाः डेढ़ लाख का सोना निगल गई भैंस, ऑपरेशन कर बाहर निकाला

आपने ऐसा नहीं सुना होगा कि सोना-चांदी भी मवेशी निगल जाते हैं। किंतु इस तरह का अजीबोगरीब मामला भी प्रकाश में आया है। एक भैंस लगभग डेढ़ का सोना निगल गई। जब महिला को इस बात की जानकारी हुई तो हाहाकार मच गया। आनन-फानन में पशु चिकित्सा अधिकारी को इसकी जानकारी दी गई। जिसके बाद मेटल डिटेक्टर के माध्यम से पता करने के बाद भैंस का ऑपरेशन कर सोने के मंगलसूत्र को बाहर निकाला गया।
यह है मामला
यह मामला महाराष्ट्र के वाशिम जिले का बताया गया है। यहां सारसी गांव स्थित है जहां रहने वाले किसान रामहरि भोयर के घर में यह विचित्र घटना घटित हुई। बताया गया है कि उनकी पत्नी नहाने के लिए जा रही थीं। इसके पूर्व उन्होंने अपना ढाई तोले का मंगलसूत्र को सोयाबीन और मूंगफली के छिलकों से भरी एक प्लेट में छिपा दिया। प्लेट में भैंस को चारा देने के लिए रखा हुआ था। किसान की पत्नी ने सोचा जब वह स्नान कर वापस आ जाएंगी तो उसे पुनः पहन लेंगी। किंतु नहाने के बाद वह उसे प्लेट से निकालना भूल गईं। कुछ समय काम करने के बाद उन्होंने प्लेट में रखे चारे को भैंस को डाल दिया। जिसके बाद भैंस सबकुछ चट कर गई।
जब याद आया तो उड़ गए होश
किसान रामहरि भोयर की पत्नी को जब मंगलसूत्र की याद आई तो उनके होश उड़ गए। क्योंकि उन्होंने प्लेट में रखे चारे के साथ मंगलसूत्र भी भैंस को डाल दिया था। आनन-फानन में वह भैंस के पास गईं किंतु वहां पर मंगलसूत्र नहीं मिला। ऐसे में वह समझ गईं कि भैंस ने चारे के साथ उसे भी निगल लिया। किसान द्वारा इसकी जानकारी पशु चिकित्सा अधिकारी को फोन कर दी गई। जिस पर उन्होंने भैंस को वाशिम लाने को कहा। इसके बाद वह भैंस को उनके पास ले गए।
दो घंटे चला ऑपरेशन
हासिल जानकारी के मुताबिक पशु चिकित्सा अधिकारी ने भैंस की मेटल डिटेक्टर से जांच की तो पता चला कि उसे पेट में कोई धातु पड़ी हुई है। जिसके बाद उसका ऑपरेशन किया गया। दो घंटे चले ऑपरेशन के बाद भैंस के पेट से मंगलसूत्र को बाहर निकाला जा सका। भैंस को लगभग 60 से 65 टांके आए हैं। बेचारी भैंस का कोई कसूर नहीं था ऐसे में उसे ऑपरेशन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा लोगों से अपील की गई कि पशुओं को चारा खिलाते समय अपनी कीमती वस्तुओं का ख्याल रखें, जिससे इस तरह की प्रक्रिया से न गुजरना पड़े।
