मध्यप्रदेश

सतना में खेत की रखवाली करने गए वृद्ध की गला रेत कर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Satna MP News
x
Satna MP News: सतना जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में रविवार की खेत की रखवाली करने गए वृद्ध की गला रेत कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।

सतना जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में रविवार की खेत की रखवाली करने गए वृद्ध की गला रेत कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पश्चात वृद्ध के शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजवाने की व्यवस्था की। वृद्ध की हत्या किसने और क्यों की इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा मौका मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार शीघ्र ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होगा।

बताया गया है कि मझगवां थाना के पिंडरा गांव का निवासी जमुना यादव पुत्र गंगा यादव 70 वर्ष रोज की तरह बीती रात अपने खेत की रखवाली करने गया था। सुबह जब वृद्ध अपने घर नही पहुंचा तो परिजन खेत गए। जहां वृद्ध की लहूलुहान अवस्था में शव पाया गया। वृद्ध की हत्या गला रेत कर की गई थी। देखते ही देखते वृद्ध की हत्या किए जाने की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई।

नहीं हुई थी शादी

बताया गया है कि वृद्ध की शादी नहीं हुई थी और वह अविवाहित था। वह खेती किसानी का कार्य किया करता था। परिवार में उसके भाई भतीजे है।

संपत्ति का विवाद

पुलिस ने बताया कि हत्या का कारण अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में जो पता चला है उसके अनुसार वृद्ध की हत्या का कारण संपत्ति का विवाद हो सकता है। इसके अलावा वृद्ध का चाल चलन भी ठीक नहीं था। अब वृद्ध की हत्या के पीछे का कारण चारित्रिक है या संपत्ति का विवाद इसका पता तो पुलिस जांच और पीएम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा।

Next Story