मध्यप्रदेश

Ladli Behna Yojana In MP: मुख्यमंत्री सीएम यादव ने 1.29 करोड़ महिलाओं के खाते में भेजी 1250 रूपए की राशि

CM Ladli Behna Yojana
x

CM Ladli Behna Yojana

Ladli Behna Yojana In Madhya Pradesh: मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में 10 जनवरी से 23 जनवरी तक महिलाओं और युवाओं से जुड़े कार्यक्रम मनाए जा रहे हैं।

Ladli Behna Yojana In MP: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भोपाल के मिंटो हाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सिंगल क्लिक से लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों को राशि जारी की। मुख्यमंत्री ने इस योजना से लाभान्वित 1.29 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते में 1576 करोड़ की राशि जारी की। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से सामाजिक न्याय विभाग की विभिन्न 12 तरह की पेंशन योजनाओं से 56 लाख से अधिक हितग्राहियों के बैंक खाते में 341 करोड़ रुपए की राशि जारी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में 10 जनवरी से 23 जनवरी तक महिलाओं और युवाओं से जुड़े कार्यक्रम मनाए जा रहे हैं। मकर संक्रांति के अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। त्यौहार हमारे जीवन में उमंग और उल्लास भरते हैं। त्यौहारों और पर्वों का निर्धारण वैज्ञानिक दृष्टिकोण से ऋतु के अनुकूल किया गया है। इस कार्यक्रम का पूरे प्रदेश में नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में सजीव प्रसारण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से शुरू हो रहे सप्ताह में महिला सशक्तिकरण के कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। आज लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों तथा पेंशन हितग्राहियों के खाते में राशि जारी की गई है। हमारे देश में नारियों को सर्वाधिक सम्मान दिया जाता है। प्राचीन काल से नारियों को समाज में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त है। हम अपने देश को भी भारत माता कहकर संबोधित करते हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अद्भुत नेता हैं। उनके मन में माताओं और बहनों के लिए विशेष स्नेह और आदर है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मोदी जी ने देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है। मोदी जी हैं तो देश के विकास की गारंटी है। हमारे प्रधानमंत्री जी की लोकप्रियता और प्रभाव इतना अधिक है कि पड़ोसी देश पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री उनकी प्रशंसा करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति सूर्य के उत्तरायण होने का उत्सव है। यह त्यौहार अंधेरे को चीरकर प्रकाश की ओर जाने का त्यौहार है। इस त्यौहार से जुड़ी अनेक परंपराएं, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया तथा सामाजिक न्याय मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में मुख्यमंत्री जी ने गुड़ और तिल से बनी मिठाई तथा अन्य उपहार देकर महिलाओं का सम्मान किया।

Next Story