
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- एमपी के अशोकनगर में...
एमपी के अशोकनगर में महिला से गैंगरेप, चार लोगों ने जबरन कार में बैठाकर घटना को दिया अंजाम

मध्यप्रदेश के अशोक नगर में एक महिला के गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया है। महिला ने आरोप लगाया कि उसे चार लोगों ने जबरन कार में बैठाया उसके बाद सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में खेत में फेककर भाग निकले। पुलिस ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
ग्रामीणों ने बदहवास हालत में महिला को देखा
सुबह तकरीबन 9 बजे जब कुछ ग्रामीण खेत की ओर गए तो उन्होंने वहां एक महिला को बदहवास हालत में देखा। उसके शरीर पर कुछ ही कपड़े थे। जब उससे ग्रामीणों ने पूछा तो उसने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष है जो शाढ़ौर थाना क्षेत्र के म्यापुर गांव के पास मिली है। महिला ने ग्रामीणों को बताया कि वह बदरवास क्षेत्र की रहने वाली है। शनिवार को वह सुखपुर अस्पताल में उपचार कराने के लिए आई थी। जहां उसके गांव के तीन लोग कार से आए जबकि चौथा चालक भी था जिसको वह नहीं पहचानती है। इस दौरान उसे जबरन कार में बैठा लिया गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
मौके पर पहुंची डॉयल 100
महिला का कहना था कि वह इस घटना के बाद बेहोश हो गई और जब उसे होश आया तो वह खेत में पड़ी हुई थी। जिसे सुबह ग्रामीणों ने देखा। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने डॉयल 100 को दी। जिसके बाद मौके पर शाढ़ौरा पुलिस पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी विवेक शर्मा शाढ़ौरा थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस का कहना है कि महिला को शाढ़ौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए ले जाया गया किंतु हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने इन पर दर्ज किया प्रकरण
एसडीओपी विवेक शर्मा का कहना है कि महिला का मेडिकल कराया जा रहा है। इसके साथ ही बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में मन्ना लोधी, शैलेन्द्र लोधी, देवेन्द्र लोधी और कार चालक पर प्रकरण दर्ज करते हुए मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि महिला को गंभीर हालत में लाया गया। महिला के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। ऐसे में यह भी संभावना है कि उसके साथ मारपीट भी की गई है।
