
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- मऊगंज
- /
- मऊगंज कलेक्टर ने...
मऊगंज कलेक्टर ने लापरवाही के चलते राजस्व निरीक्षक को किया निलंबित!

मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए कलेक्टर अजय श्रीवास्तव ने राजस्व निरीक्षक हंसराज सिंह को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई हनुमना जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत खजुरहन में सरपंच एवं स्थानीय ग्रामीणों की शिकायतों के आधार पर की गई।
कलेक्टर ने इस मामले की जांच हनुमना के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से कराई, जिसमें पाया गया कि राजस्व निरीक्षक हंसराज सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं किया। यह कार्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 (3) के उल्लंघन के अंतर्गत आता है, साथ ही मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1966 के नियम (9) के तहत दण्डनीय है। इस कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय एसडीएम कार्यालय में निर्धारित किया गया है। प्रशासनिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।