
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- ग्वालियर
- /
- एमपी के ग्वालियर में...
एमपी के ग्वालियर में रिश्वत लेते नगर निगम के दो कर्मचारी गिरफ्तार

लोकायुक्त की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद भी सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी थमने का नाम नहीं ले रही है। ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते नगर निगम के दो कर्मचारियों को रंगे हाथ दबोचा है। जिसमें से एक नगर निगम का कर संग्रहक (टीसी) है जबकि दूसरा आउटसोर्स कर्मचारी बताया गया है।
मकान नामांतरण के बदले मांगी थी रिश्वत
बताया गया है कि दीनदयाल नगर निवासी भगवान दास पंत से नगर निगम कर्मचारियों द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी। श्री पंत डीएसपी पद से रिटायर हो चुके हैं। वह अपने मकान का नामांतरण कराना चाहते थे जिस पर नामांतरण करने की एवज में उनसे रुपयों की मांग की गई थी। जिसकी शिकायत भगवान दास पंत द्वारा लोकायुक्त से की गई थी। शिकायती आवेदन की जांच के बाद लोकायुक्त ने नगर निगम के कर संग्राहक गोपाल सक्सेना और उनके एक सहयोगी कर्मचारी को ट्रैप करने की प्लानिंग की।
दो हजार रुपए लेते ही दबोचा गया
लोकायुक्त एसपी रामेश्वर यादव के अनुसार ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने शुक्रवार को आवेदक रिटायर्ड डीएसपी भगवान दास पंत 71 वर्ष को नगर निगम के कार्यालय जनमित्र केन्द्र क्रमांक 3 लूटपुरा भेजा। जहां आवेदक द्वारा नगर निगम कार्यालय में टीसी गोपाल सक्सेना और उनके सहयोगी आउटसोर्स कर्मचारी रोहित कुमार को जैसे ही 2 हजार रुपए रिश्वत की राशि दी गई। वहां पहले से ही मौजूद ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस टीम ने इशारा मिलते ही उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी कर संग्राहक गोपाल सक्सेना की शर्ट की जेब से रिश्वत की राशि लोकायुक्त की टीम द्वारा बरामद की गई।
एक सप्ताह में नगर निगम से तीन कर्मचारी गिरफ्तार
ग्वालियर नगर निगम में एक सप्ताह के अंदर तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को दो कर्मचारियों को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। वहीं इसके पूर्व भी इसी सप्ताह हत्या के आरोप में पुलिस द्वारा एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया था। गत बुधवार को यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने नगर निगम के कम्प्यूटर ऑपरेटर करण वर्मा को कॉलेज संचालक प्रशांत परमार के बेटे प्रखर परमार की हत्या के आरोप में दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया था।