रीवा प्रशासन की सख्त कार्रवाई: अवैध कॉलोनी निर्माण रोका, नदी किनारे के अतिक्रमण हटाए गए

रीवा में प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों पर सख्त कदम उठाए। बिना अनुमति और नियमों का उल्लंघन कर बनाए जा रहे कॉलोनियों पर कार्यवाही की गई। जानिए पूरी खबर...

Update: 2024-08-06 06:25 GMT

मध्य प्रदेश के रीवा में सोमवार को प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों पर सख्त कार्यवाही की। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर, हुजूर एसडीएम वैशाली जैन ने प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर अवैध रूप से बनाई जा रही कॉलोनियों का निरीक्षण किया। इस दौरान, बिना अनुमति और नियमों का उल्लंघन कर बनाए जा रहे निर्माण कार्यों को रोका गया।

एसडीएम वैशाली जैन ने करहिया पुल के पास नदी के किनारे शाही बिल्डर्स द्वारा चलाए जा रहे निर्माण कार्य को तुरंत रोक दिया। उन्होंने बताया कि बिल्डर एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) की गाइडलाइनों का उल्लंघन कर कॉलोनी बना रहा था और नदी के तट से सटाकर निर्माण कर रहा था, जो पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है। इसके अलावा, शांति विलास कॉलोनी में भी नाले से कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान शांति रायल स्टेट के बिना अनुमति किए जा रहे अवैध निर्माण कार्य को भी हटाया गया। एसडीएम ने अवैध निर्माण को ढहाने के निर्देश दिए, जिसके बाद अवैध निर्माण को तोड़ा गया।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि नदी के किनारे बनाई जा रही और मापदण्डों का पालन ना करने वाली अवैध कॉलोनियों पर कार्यवाही की गई है। उन्होंने कहा कि नदी का बहाव सकरा ना हो और एनजीटी के दिशा-निर्देशों का पालन हो, इसका ध्यान रखा गया है। यह कार्यवाही क्षेत्र में अवैध निर्माण पर लगाम लगाने के उद्देश्य से की गई है।

Tags:    

Similar News