इंदौर से छतरपुर जा रही बस पलटी, 4 यात्रियों की मौत, 22 घायल

MP News: इंदौर से छतरपुर जा रही यात्री बस पलट गई। सागर की निवार घाटी में शनिवार सुबह हुए इस हादसे में एक महिला समेत चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

Update: 2023-02-18 07:32 GMT

इंदौर से छतरपुर जा रही यात्री बस पलट गई। सागर की निवार घाटी में शनिवार सुबह हुए इस हादसे में एक महिला समेत चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 22 अन्य यात्रियों को भी चोटें पहुंची हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बंडा, शाहगढ़, छानबीला थानों की पुलिस सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिनके द्वारा बचाव कार्य प्रारंभ कराया गया। हादसे में मृतक महिला की पहचान अनामिका सोनी 35 वर्ष के रूप में की गई है।

बस में 35 यात्री थे सवार

बताया गया है कि इंदौर से छतरपुर सवारियां लेकर जा रही गोल्डन ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 16 पी 1286 जैसे ही छानबीला थाना क्षेत्र के निवार घाटी मोड़ पर पहुंची वह अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार की स्थिति निर्मित हो गई। राहगीरों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। बस में तकरीबन 35 यात्री सवार थे। मौके पर पहुंची पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा घायलों को बस से बाहर निकाला गया। जिनको शाहगढ़ स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

चार लोगों ने मौके पर दम तोड़ा

हादसे में एक महिला समेत दो युवक और एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान राजनगर छतरपुर की अनामिका सोनी के रूप में की गई है। जबकि अन्य की शिनाख्त के लिए पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। बंडा एसडीओपी शिखा सोनी के मुताबिक बस दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हाइड्रा व जेसीबी की ली गई मदद

हादसे के बाद बस के अंदर कुछ यात्री फंस गए थे। जिनको हाइड्रा व जेसीबी की मदद से पहले पुलिस और प्रशासन द्वारा पलटी बस को सीधा करवाया गया, उसके बाद यात्रियों को बाहर निकाला जा सका। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए शाहगढ़ से तीन और दलपतपुर व बंडा से एक एम्बुलेंस बुलवाई गई थी। जिनके माध्यम से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

Tags:    

Similar News